Trains skip Pink line Metro Station: दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन को राजधानी की पहली पूरी “रिंग मेट्रो लाइन” माना जाता है। लेकिन इसी लाइन पर एक ऐसा स्टेशन भी है, जहां से ट्रेनें रोज गुजरती हैं, अनाउंसमेंट भी होता है। फिर भी मेट्रो रुकती नहीं। इसकी वजह जानकर यात्री हैरान रह जाते हैं। दरअसल, इस स्टेशन पर फिलहाल न तो यात्रियों के प्रवेश का रास्ता है और न ही बाहर निकलने का। गौरतलब है, पीएम नरेंद्र मोदी ने बीते रविवार को 2 नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इनमें पिंक व मजेंटा लाइन कॉरिडोर शामिल थे।
DMRC अधिकारियों ने बताई वजह
उत्तर दिल्ली के वजीराबाद इलाके के पास बना सूरघाट मेट्रो स्टेशन फिलहाल यात्रियों के लिए बंद है। यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर पर स्थित है। दिलचस्प बात यह है कि स्टेशन का ढांचा पूरी तरह तैयार नजर आता है, लेकिन यहां मेट्रो ट्रेनें नहीं रुकतीं। ट्रेन के अंदर यात्रियों को पहले ही अनाउंसमेंट कर दिया जाता है कि अगला स्टेशन सूरघाट मेट्रो स्टेशन है, जहां ट्रेन नहीं रुकेगी। ऐसे में यात्रियों के मन में सवाल उठता है कि आखिर तैयार दिखने के बावजूद इस स्टेशन को अभी तक क्यों नहीं खोला गया है। दरअसल, डीएमआरसी के अधिकारियों ने कहा कि इस स्टेशन को फिलहाल इसलिए नहीं खोला गया है क्योंकि यहां एंट्री और एग्जिट का रास्ता अभी तैयार नहीं हुआ है।
एंट्री-एग्जिट की जल्द मिलेगी सुविधा
बता दें कि जब मेट्रो ट्रेन नानकसर सोनिया विहार स्टेशन से आगे बढ़ती है, तो यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए बताया जाता है कि अगला स्टेशन सूरघाट है, जहां ट्रेन नहीं रुकेगी। मेट्रो के अंदर डिजिटल स्क्रीन पर भी संदेश दिखाई देता है कि ट्रेन इस स्टेशन पर नहीं रुकेगी और यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया जाता है। दिल्ली मेट्रो के इस अनोखे स्टेशन ने फिलहाल लोगों के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। हालांकि उम्मीद है कि सबवे बनने के बाद यह स्टेशन भी जल्द यात्रियों के लिए पूरी तरह खुल जाएगा।
ये भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी आइलैंड खर्ग पर बरसाए बम, सैन्य अड्डों को किया तबाह

