BMC Mayor Election 2026 : लंबे समय से बीएमसी मेयर पद के लिए सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन अब इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मेयर पद के लिए रितु तावड़े का नाम फाइनल कर दिया है। यह ऐतिहासिक क्षण भी है क्योंकि पिछले 40 वर्षों में पहली बार बीजेपी का मेयर बीएमसी में बैठने जा रहा है। शिवसेना के संजय शंकर घाड़ी को बीएमसी उपमहापौर का उम्मीदवार बनाया गया है।
मेयर पद की दावेदार रितु तावड़े
रितु तावड़े बीजेपी की वरिष्ठ पार्षद हैं। उन्होंने 2012 में वार्ड नंबर 127 से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। इसके बाद 2017 में घाटकोपर वार्ड नंबर 121 और 2025 में वार्ड नंबर 132 से जीत हासिल की। वह मुंबई नगर निगम की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन रह चुकी हैं और शुरुआत से ही मेयर पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार मानी जाती रही हैं।
शिवसेना शिंदे गुट को उपमहापौर
बीजेपी ने अहम बैठक में रितु तावड़े का नाम फाइनल किया। बैठक के दौरान शिवाजी महाराज के जयकारों के बीच उनका नाम घोषित किया गया। वहीं, शिवसेना शिंदे गुट के संजय घाड़ी को उपमहापौर बनाया गया। बीएमसी में सत्ता के लिए गठबंधन आवश्यक था और बहुमत के आंकड़े को देखते हुए यह साझेदारी बनाना जरूरी था।
सीटों का गणित और गठबंधन
बीएमसी चुनाव परिणामों के अनुसार बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं। शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। इस तरह गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। दूसरी तरफ, उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना 65 सीटों पर सिमटी, मनसे को 6 सीटें और शरद पवार गुट की एनसीपी को 1 सीट मिली।
बीएमसी मेयर पद की अहमियत
बीएमसी देश की सबसे अमीर नगर निगम है, इसलिए इसके मेयर की राजनीतिक महत्वता भी बहुत बड़ी है। लंबे समय से मेयर पद को लेकर पार्टियों के बीच सियासी जोड़-तोड़ और रणनीतिक बैठकों का दौर चला। बीजेपी का महिला मेयर का दांव राजनीतिक दृष्टि से बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है। बीएमसी मेयर का आधिकारिक चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में होगा। बीजेपी गठबंधन इस चुनाव में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें: India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका व्यापार रिश्तों में बड़ी राहत, भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाया गया

