Ajit Pawar Plane controversy: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन 28 जनवरी को हुआ था। उनके निधन के बाद से ही कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। अब एनसीपी नेता प्रमोद हिंदूराव ने अजित पवार की मौत को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। प्रमोद ने कहा कि अजित पवार मूल रूप से सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले थे, लेकिन मंत्रालय में लंबित एक महत्वपूर्ण फाइल पर हस्ताक्षर की देरी के कारण उन्होंने योजना बदल दी थी।
यात्रा योजना में बदलाव और निजी विमान
बता दें कि 28 जनवरी की शाम को अजित पवार पुणे और बारामती की यात्रा सड़क मार्ग से करने वाले थे। उन्होंने अपनी गाड़ी में बैग रखवा लिया था और कोनवॉय भी तैयार था। लेकिन तभी मंत्रालय से प्रफुल पटेल ने कॉल किया कि एक महत्वपूर्ण फाइल पर उनका हस्ताक्षर आवश्यक है। इस वजह से अजित पवार अपने मुंबई स्थित बंगले पर रुक गए। बाद में सड़क मार्ग से जाने का प्लान रद्द कर निजी विमान बुक कराया। इसी दौरान दुखद हादसा हुआ।
मौत के बाद उठ रहे सवाल
अजित पवार के निधन के बाद राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चाएं हैं। कल्याण में आयोजित शोकसभा में प्रमोद हिंदूराव के बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया। उन्होंने बताया कि अगर फाइल की देरी न होती, तो डिप्टी CM सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे होते।
इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले अजित पवार गुट के विधायक अमोल मिटकरी और रोहित पवार भी इस मामले में सवाल उठा चुके हैं। हिंदूराव का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें इस खुलासे की पुष्टि मिलती है।
राजनीतिक हलकों की प्रतिक्रिया
अजित पवार की मौत ने एनसीपी और महाराष्ट्र की राजनीति में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि हादसे की परिस्थितियों और यात्रा योजना में बदलाव से जुड़े कौन से पहलू जांच के दायरे में आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: ‘भारत-यूएस डील पर खड़गे साहब को क्यों हो रहा फील’, बजट पर राइमिंग अंदाज में बोले रामदास आठवले

