होम = Breaking = UP: पड़ोसी रखता था मां पर ‘गंदी’ नजर, करिया उर्फ कलेक्टर ने रची खौफनाक साजिश; पुलिस ने दबोचा

UP: पड़ोसी रखता था मां पर ‘गंदी’ नजर, करिया उर्फ कलेक्टर ने रची खौफनाक साजिश; पुलिस ने दबोचा

Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर सोते समय जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में शक किसी और पर गया, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल ने पूरे मामले की परतें खोल दीं और असली हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने यह हमला जानबूझकर एक साजिश के तहत किया, ताकि किसी और को फंसा सके।

यह घटना सुरियावां थाना क्षेत्र के कनकपुर (भीखमापुर) गांव की है, जहां बीते सप्ताह विनोद चौहान पर उस समय हमला किया गया, जब वह अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। हमलावर ने कुल्हाड़ी और लोहे के एंगल से उनके पैर पर कई वार किए और पैर काटने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल विनोद को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।

घटना के बाद परिजनों ने विनोद के पड़ोसी निजामुद्दीन पर आरोप लगाया, क्योंकि दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते पुलिस ने भी शुरुआत में उसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई। हालांकि, जब पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन की, तो एक बिल्कुल अलग कहानी सामने आई।

दुश्मनी का फायदा उठाकर रची गई साजिश

पुलिस जांच में पता चला कि इस हमले का असली आरोपी करिया उर्फ कलेक्टर है। वह इस बात से बेहद नाराज था कि निजामुद्दीन उसकी मां पर गलत नजर रखता था। निजामुद्दीन को सबक सिखाने के लिए करिया ने सीधा हमला करने के बजाय एक चालाकी भरी योजना बनाई। उसे मालूम था कि निजामुद्दीन और विनोद चौहान के बीच पुराना जमीनी विवाद है, इसलिए उसने जानबूझकर विनोद पर हमला किया, ताकि शक की सुई निजामुद्दीन की ओर जाए और वह खुद बच निकले।

पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद का लग रहा था, लेकिन जब सभी कड़ियों को जोड़ा गया तो साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी करिया उर्फ कलेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हमलों से बौखलाया पाकिस्तान, सैन्य कार्रवाई में 150 से ज्यादा बलूच ढेर; इंटरनेट बंद