होम = Breaking = ‘मैं ठाकुर हूं, इस पर मुझे गर्व’, HDFC बैंक कर्मी आस्था सिंह ने वायरल VIDEO पर बताई पूरी कहानी

‘मैं ठाकुर हूं, इस पर मुझे गर्व’, HDFC बैंक कर्मी आस्था सिंह ने वायरल VIDEO पर बताई पूरी कहानी

Aastha Singh: कानपुर सिटी के पनकी सेक्टर-2 स्थित एक निजी बैंक की शाखा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बैंक की महिला कर्मचारी आस्था सिंह एक महिला से तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगे। हालांकि, अब इस पूरे विवाद पर आस्था सिंह सामने आई हैं और उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर अपना पक्ष रखा है।

आस्था सिंह का कहना है कि वीडियो को अधूरा और गलत संदर्भ में प्रसारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो हाल का नहीं है, बल्कि 6 जनवरी का है और इसमें दिख रही महिला कोई ग्राहक नहीं, बल्कि बैंक की ही एक पूर्व कर्मचारी से जुड़ा मामला है।

क्या है पूरा मामला

आस्था सिंह के अनुसार, बैंक में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने इस्तीफा दे दिया था और उसी दिन रिलीविंग की मांग कर रही थी। सुबह से ही उसकी ननद बैंक परिसर में मौजूद थीं, जिसको लेकर कहासुनी हो गई। बाद में इसी बात की जानकारी उस महिला के पति को दी गई, जो बैंक का कर्मचारी नहीं था।

आस्था ने बताया कि बैंक का समय समाप्त होने के बाद, करीब साढ़े चार बजे महिला कर्मचारी का पति बैंक पहुंचा और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि उसने सीधे डेस्क पर आकर जाति पूछी और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

‘मेरे शब्द गलत थे, लेकिन चुप नहीं रह सकी’

आस्था सिंह ने स्वीकार किया कि उनके शब्द उचित नहीं थे। उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक सेवा में हैं और शब्दों का चयन सोच-समझकर होना चाहिए था। लेकिन जब सामने से धमकी भरे और आपत्तिजनक शब्द कहे गए, तो वह खुद को रोक नहीं सकीं।

उन्होंने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने जो कहा, वह प्रतिक्रिया में था। “मैंने कहा कि मैं ठाकुर हूं, तो हां, मैं हूं और मुझे अपनी पहचान पर गर्व है,” उन्होंने कहा।

पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट

इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग बैंक प्रबंधन और कर्मचारी की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ये भी पढ़ें: समाज को बांटने वालों पर CM योगी का वार, बोले- ‘सनातन कमजोर होगा तो देश भी कमजोर होगा’