Saina Nehwal Officially Retires: दिग्गज भारतीय बैडमिंटन साइना नेहवाल ने बैडमिंटन से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि घुटने की पुरानी बीमारी के कारण अब उनके लिए खेलना संभव नहीं रह गया है। साइना घुटने की पुरानी चोट की वजह से पिछले दो सालों से ऐक्शन से बाहर थीं।
नेहवाल ने 3 साल पहले खेला था आखिरी मैच
साइना आखिरी बार 2023 में सिंगापुर ओपन में खेली थीं। हालांकि, उस समय उन्होंने संन्यास की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की थी। एक पॉडकास्ट में साइना ने कहा, ‘मैंने दो साल पहले ही खेलना बंद कर दिया था। मैंने अपने सिद्धांतों पर खेल शुरू किया और अपने सिद्धांतों पर ही छोड़ा, इसलिए मुझे घोषणा जरूरी नहीं लगी।’ साइना ने कहा कि उन्हें कभी अपने संन्यास का आधिकारिक ऐलान करने की जरूरत महसूस नहीं हुई क्योंकि उन्हें लगता था कि उनकी गैरमौजूदगी स्थिति को साफ कर देगी।
इंजरी के चलते नेहवाल ने लिया फैसला
साइना ने कहा कि घुटने की इंजरी के कारण उन्हें ये फैसला लेने को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘आपकी हड्डियां कमजोर हो गई हैं। आपको गठिया की समस्या है। मेरे माता-पिता को, मेरे कोच को ये सब पता होना चाहिए। मैंने उन्हें बता दिया है। मैं अब और नहीं खेल सकती। मेरे लिए ये मुश्किल है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘धीरे-धीरे लोगों को एहसास हो जाएगा की साइना नहीं खेल रही है। मुझे नहीं लगता कि मेरे संन्यास का एलान बहुत बड़ा मुद्दा है।’
नेहवाल ने लिखा था भारतीय बैडमिंटन का सुनहरा अध्याय
साइना नेहवाल ने खेल से भारत में बैडमिंटन की लोकप्रियता को एक नई ऊंचाई दी। वह ओलंपिक पदक (2012) जीतने वाली भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं। 2015 में वह दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बनीं, जो किसी भारतीय महिला शटलर के लिए गौरव का क्षण था। उनके नाम वर्ल्ड चैंपियनशिप के 2 पदक, कॉमनवेल्थ गेम्स के 3 गोल्ड मेडल और 10 से अधिक सुपर सीरीज खिताब दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: कथित अश्लील वीडियो पर कर्नाटक सरकार का कड़ा ऐक्शन, DGP रामचंद्र राव को किया सस्पेंड

