होम = Cover Story Big = Republic Day 2026: 77वां गणतंत्र दिवस पर PM मोदी सहित अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने दी बधाई, परेड में दिखेगा भारत का सैन्य सामर्थ्य

Republic Day 2026: 77वां गणतंत्र दिवस पर PM मोदी सहित अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने दी बधाई, परेड में दिखेगा भारत का सैन्य सामर्थ्य

by | Jan 26, 2026 | Cover Story Big

Republic Day 2026: बड़े हर्ष और उत्साह के साथ आज पूरे भारत में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सुबह 10:30 बजे शुरू हुई परेड में देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और प्रगति की झलक दिखाई गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश-विदेश के कई प्रमुख नेता नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दे चुके हैं।

इस बार परेड में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन अतिथियों के साथ ‘पारंपरिक बग्गी’ में कार्यक्रम स्थल पर पहुँचीं।

पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए। विकसित भारत का संकल्प और मजबूत हो, यही कामना है।”

अंतरराष्ट्रीय नेताओं और देशों की शुभकामनाएं

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी गणतंत्र दिवस पर भारतीय जनता को बधाई दी और कहा कि भारत और अमेरिका ऐतिहासिक संबंध साझा करते हैं। उन्होंने लिखा कि रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और उभरती प्रौद्योगिकियों में दोनों देशों का सहयोग और क्वाड के माध्यम से बहुआयामी भागीदारी, हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए मजबूत परिणाम देती है।

भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे ने भी भारत को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने लिखा, “मैं इस पावन अवसर पर भारत सरकार और लोगों को अपनी और भूटान के लोगों की ओर से शुभकामनाएं देता हूं। यह अवसर हमारे साझा मूल्यों और दोनों देशों के गहरे संबंधों का प्रतीक है।”

रूस के दूतावास ने भी 77वें गणतंत्र दिवस पर संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता इसकी ताकत है और गणतंत्र हर नागरिक की गरिमा पर आधारित है। रूस के दूतावास ने यह संदेश भारत की विभिन्न भाषाओं में साझा किया।

गणतंत्र दिवस का महत्व

गणतंत्र दिवस भारत की संविधानिक गौरव और लोकतंत्र का प्रतीक है। यह दिन हमें देश की स्वतंत्रता, न्याय और समानता के मूल्यों की याद दिलाता है। हर साल 26 जनवरी को पूरे देश में ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो देशवासियों में गर्व और उत्साह का संचार करते हैं।

ये भी पढ़ें: Republic Day 2026: भारत मना रहा है अपना 77वां गणतंत्र दिवस, गर्व और उल्लास के साथ आयोजित की जा रही भव्य परेड