होम = Breaking = PM Modi Varanasi Visit: काशी को मिलेगा विकास का नया तोहफा, PM मोदी करेंगे हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का शुभारंभ

PM Modi Varanasi Visit: काशी को मिलेगा विकास का नया तोहफा, PM मोदी करेंगे हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का शुभारंभ

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाशिवरात्रि के बाद अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दौरे पर आ सकते हैं। संभावित यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। इस क्रम में विभिन्न विभागों से उन विकास योजनाओं और परियोजनाओं का ब्यौरा मांगा गया है, जिनका शिलान्यास या लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जा सकता है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान काशी को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है।

प्रशासन की ओर से सभी विभागों को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा सके। विभागीय सूत्रों के अनुसार कमिश्नरी आवास परिसर में प्रस्तावित मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन का शिलान्यास पीएम मोदी के हाथों कराया जा सकता है।

तैयारियों में तेजी

जल निगम द्वारा प्रस्तावित सोलर पार्क और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने वाली सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज परियोजना, नगर निगम के नए सदन भवन और बहुप्रतीक्षित काशी रोपवे को भी प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। रामनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम और वर्किंग वुमेन हॉस्टल के शिलान्यास की भी संभावना जताई जा रही है।

ऊर्जा क्षेत्र में एक नई पहल के तहत सर्किट हाउस परिसर में प्रदेश का पहला साइलेंट सब स्टेशन स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है, जो बिना किसी ध्वनि प्रदूषण के कार्य करेगा। इसे भी प्रधानमंत्री की विकास सौगातों में शामिल किए जाने की तैयारी है।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की कई सड़कों, एनएचएआई के अंतर्गत हाईवे परियोजनाओं, जिला अस्पतालों में डे-केयर सेंटर, और बनारस रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के शिलान्यास को लेकर भी कवायद तेज है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित सभी परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत एक हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली NCR में छाया घना कोहरा; विजिबिलिटी कम होने से IGI एयरपोर्ट पर 200 से ज्यादा उड़ानें लेट, IMD ने जारी किया येलो