Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सोमवार तड़के पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ए-144, प्रीत विहार में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय पंकज नैयर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी गौरव शर्मा घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर दो पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।
कहासुनी की घटना हिंसक रूप में बदली
पुलिस के मुताबिक, पहली पीसीआर कॉल रात 2:22 बजे और दूसरी 2:26 बजे फायरिंग और झगड़े की सूचना को लेकर मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि पंकज नैयर (34) और उनके भाई पारस (43) का गौरव शर्मा के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि इसी दौरान गौरव शर्मा ने गोली चला दी, जो सीधे पंकज के सीने में जा लगी। गंभीर रूप से घायल पंकज को तुरंत निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पारस और गौरव के बीच पार्किंग को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, पंकज का भाई पारस प्रीत विहार के एक मकान में रहता है, जहां उसी इमारत की एक मंजिल पर गौरव शर्मा भी किराए पर रहता है। पिछले कुछ दिनों से पार्किंग को लेकर पारस और गौरव के बीच लगातार विवाद चल रहा था। रविवार देर रात जब मामला ज्यादा बढ़ गया, तो पारस ने अपने भाई पंकज को नोएडा से प्रीत विहार बुला लिया, ताकि विवाद सुलझाया जा सके। हालांकि, मामला शांत होने के बजाय और भड़क गया और कहासुनी के दौरान गौरव शर्मा ने पंकज पर गोली चला दी। गोली लगने से पंकज की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

