Mahatma Gandhi Death Anniversary: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पूरे देश ने उन्हें श्रद्धा के साथ याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के शीर्ष नेताओं ने बापू के विचारों को नमन करते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए अहिंसा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया और इसी शक्ति से दुनिया को बदलने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि अहिंसा ही परम धर्म और सत्य है, जिससे समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है।
अमित शाह बोले- बापू के विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी के विचार आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करते रहेंगे।
अमित शाह का बयान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने भाषा, क्षेत्र और जाति से ऊपर उठकर देश को एक सूत्र में बांधा और स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया। स्वदेशी, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के उनके विचार एक सशक्त और गौरवशाली भारत की दिशा दिखाते हैं।”
योगी आदित्यनाथ बोले- बापू की अहिंसा विश्व को प्रकाश देती रहेगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि महात्मा गांधी का सत्यनिष्ठ जीवन, अहिंसा के प्रति उनकी अटल आस्था और मानवता के लिए करुणा पूरी दुनिया को मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने लोगों से बापू के आदर्शों को अपनाकर न्यायपूर्ण और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
रेखा गुप्ता ने कहा- गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के बल पर बापू ने स्वतंत्रता आंदोलन को जनआंदोलन में बदला और देश को आजादी का रास्ता दिखाया। उनके विचार आज भी भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नीतीश कुमार बोले- बापू के आदर्श हमें मार्ग दिखाते रहेंगे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी के विचार और आदर्श सदैव समाज को दिशा देने का कार्य करेंगे और नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाएंगे।
भजन लाल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाले महात्मा गांधी के विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने बापू को पुण्यतिथि पर सादर नमन किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा- गांधीजी की शिक्षाएं राष्ट्र को सशक्त बनाती हैं
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार देश की एकता, आत्मबल और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उनकी शिक्षाओं में रामराज्य की कल्पना के साथ विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश निहित है।
ये भी पढ़ें: UP में घर में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत

