होम = Cover Story Big = Budget 2026: 1 फरवरी को पेश होगा नया बजट, हलवा सेरेमनी के साथ शुरू हुई अंतिम चरण की तैयारी

Budget 2026: 1 फरवरी को पेश होगा नया बजट, हलवा सेरेमनी के साथ शुरू हुई अंतिम चरण की तैयारी

by | Jan 29, 2026 | Cover Story Big

Budget 2026: देश के अगले केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले वित्त मंत्रालय में हर साल की परंपरागत हलवा सेरेमनी का आयोजन बुधवार, 27 जनवरी को किया गया। इस समारोह के साथ ही बजट तैयार करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुँच गई है।

निर्मला सीतारमण ने की हलवा बनाकर परंपरा निभाई

नॉर्थ ब्लॉक स्थित बजट प्रेस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खुद कड़ाही में हलवा बनाकर इस साल की परंपरा को निभाया। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बार बजट टीम को नॉर्थ ब्लॉक के पुराने बेसमेंट में शिफ्ट किया गया है, क्योंकि नए ऑफिस ‘कर्तव्य भवन’ में प्रिंटिंग प्रेस की सुविधा नहीं है।

हलवा सेरेमनी का महत्व

हलवा सेरेमनी बजट प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। इसके बाद बजट तैयार करने वाले सभी अधिकारी ‘लॉक-इन’ हो जाते हैं, यानी बजट संसद में पेश होने तक वे बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट जाते हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बजट से जुड़ी कोई भी संवेदनशील जानकारी लीक न हो। सेरेमनी के दौरान वित्त मंत्री ने बजट प्रेस का दौरा किया और टीम को शुभकामनाएँ दी।

डिजिटल और पेपरलेस बजट

इस साल भी सरकार बजट को डिजिटल और पेपरलेस रखने जा रही है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, बजट से जुड़े सभी दस्तावेज यूनियन बजट मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होंगे। इसमें बजट भाषण, अनुदान संबंधी दस्तावेज और वित्त विधेयक शामिल होंगे। 1 फरवरी 2026 को संसद में बजट भाषण समाप्त होते ही सभी दस्तावेज मोबाइल ऐप और वेबसाइट पर देखे जा सकेंगे।

1 फरवरी को पेश होगा बजट

अब देशभर की नजरें 1 फरवरी 2026 पर टिकी हैं। इसी दिन वित्त मंत्री संसद में बजट पेश करेंगी और साफ होगा कि सरकार अगले वित्त वर्ष में आम जनता, किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए कौन-कौन से बड़े ऐलान करने वाली है।

ये भी पढ़ें: Economic Survey 2026: आज संसद में पेश होगी देश की आर्थिक रिपोर्ट, जानें क्या है अहम