patna neet student case: बिहार की राजधानी पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले में सीबीआई जांच के लिए राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान की ओर से मंज़ूरी दी गई है। इसे लेकर बिहार सरकार ने अधिसूचना जारी की है। गौरतलब है, इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीट छात्रा की मौत के मामले में भारत सरकार से सीबीआई जांच कराने की सिफ़ारिश की और इसकी जानकारी डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर दी थी।
मृत छात्रा की मां ने लगाया आरोप
मृतका के परिजन ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के आवास पर शुक्रवार को मुलाकात की थी। इस दौरान मृतका की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं न कहीं जांच का तरीका सही नहीं है और पुलिस निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर पा रही है। मृतका की मां ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक न्याय मिलता नजर नहीं आ रहा है। कई स्तरों पर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
पटना के गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत हुई थी
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब और गंभीर मोड़ ले लिया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की बायोलॉजिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद जहां यौन उत्पीड़न के संकेत मिलने की पुष्टि हुई है, वहीं मृतका के परिजनों ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ये भी पढ़ें: सरकार रक्षा बजट में 20% की कर सकती है बढ़ोतरी, काउंटर-ड्रोन इकोसिस्टम में बड़े निवेश पर रहेगी नज़र

