होम = Cover Story Big = असम में ऐतिहासिक पल, हाईवे रनवे पर उतरा राफेल; आसमान को चीरता हुआ आगे बढ़ा

असम में ऐतिहासिक पल, हाईवे रनवे पर उतरा राफेल; आसमान को चीरता हुआ आगे बढ़ा

by | Feb 12, 2026 | Cover Story Big

Moran Emergency Landing Airstrip: पूर्वोत्तर भारत को पहली बार आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा से पहले भारतीय वायु सेना ने असम के मोरान में बने विशेष राजमार्ग हवाई पट्टी पर व्यापक परीक्षण और अभ्यास शुरू कर दिए हैं।

मोरान में राफेल की ऐतिहासिक लैंडिंग

प्रधानमंत्री के दौरे से पूर्व मोरान आपातकालीन लैंडिंग सुविधा पर पहला राफेल लड़ाकू विमान उतरा। इसके साथ ही सुखोई-30 और अन्य फाइटर जेट्स ने डिब्रूगढ़ के आसमान में अभ्यास उड़ान भरकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। टच-एंड-गो ऑपरेशन के फुल रिहर्सल से पहले यह महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।

4.2 किलोमीटर लंबी विशेष राजमार्ग पट्टी पर राफेल, सुखोई-30, स्वदेशी तेजस, सी-130 हरक्यूलिस और एएन-32 जैसे विमानों ने लैंडिंग और टेक-ऑफ का अभ्यास किया। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे।

लगातार जारी हैं परीक्षण

एनएच-127 पर तैयार इस सुविधा के आसपास छात्र, बच्चे और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जैसे ही लड़ाकू विमान रनवे पर उतरे और फिर गर्जना करते हुए आसमान में लौटे, लोगों ने उत्साह से उनका स्वागत किया।

यह अभ्यास 13 फरवरी तक जारी रहेगा। 14 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी इस सुविधा का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और वायु सेना के विशेष एयर शो का अवलोकन करेंगे।

क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर

असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने पहले ही इस स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने इसे पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और लोगों, खासकर छात्रों को इस कार्यक्रम का साक्षी बनने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, यह क्षेत्र के लिए एक दुर्लभ और यादगार अनुभव है।

रणनीतिक दृष्टि से अहम सुविधा

मोरान की यह आपातकालीन लैंडिंग पट्टी भारतीय वायु सेना के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। युद्ध या आपात स्थिति में जब नियमित एयरबेस उपलब्ध न हों, तब यह वैकल्पिक रनवे के रूप में काम करेगी। प्रधानमंत्री का विमान 14 फरवरी को सीधे इस राजमार्ग पट्टी पर उतरेगा, जो पूर्वोत्तर में पहली बार किसी मौजूदा प्रधानमंत्री की ऐसी लैंडिंग होगी।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

अभ्यास और मुख्य कार्यक्रम के मद्देनजर 6 से 14 फरवरी तक एनएच-127 पर यातायात को मोरान कस्बे के जरिए पुराने एनएच-37 की ओर मोड़ दिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी वायु सेना के साथ समन्वय कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें: आज भारत बंद, देशभर में ट्रेड यूनियनों की हड़ताल; जानें क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद

बंगाल