होम = व्यापार = शेयर बाजार में गिरावट, लेकिन अडानी के शेयरों में जबरदस्त तेजी, जानें सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

शेयर बाजार में गिरावट, लेकिन अडानी के शेयरों में जबरदस्त तेजी, जानें सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

by | Sep 19, 2025 | व्यापार

Today Share Market : भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्‍स और निफ्टी दोनों ही सूचकांक नीचे कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, अडानी समूह के शेयरों ने जोरदार प्रदर्शन किया और निवेशकों का ध्यान खींचा।

सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

सप्ताहभर की तेजी के बाद शुक्रवार को मुनाफावसूली हावी रही। सेंसेक्‍स 400 अंक टूटकर 82,612 पर और निफ्टी 100 अंक गिरकर 25,320 पर कारोबार कर रहा है। बैंक निफ्टी भी 150 अंकों की गिरावट के साथ लाल निशान पर है।

BSE के टॉप 30 शेयरों में से केवल 7 शेयर हरे निशान पर थे। इनमें सबसे आगे अडानी पोर्ट रहा। वहीं 23 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। टीसीएस के शेयर में एक फीसदी की गिरावट देखने को मिली।

क्यों टूटा बाजार?

विशेषज्ञों के अनुसार, लार्जकैप शेयरों में बिकवाली और वैश्विक संकेतों की वजह से गिरावट आई। अमेरिका की टैरिफ-ट्रेड डील को लेकर स्थिति साफ नहीं है। वहीं, अमेरिकी केंद्रीय बैंक (फेड) द्वारा ब्याज दरों में कटौती के फैसले से भी बाजार पर दबाव पड़ा है।

सबसे ज्यादा टूटे शेयर

  • Zydus Wellness, डीसीएम श्रीराम और जेन टेक्नोलॉजी के शेयर 2% से ज्यादा गिरे।
  • आईएफसीआई, इंडियामार्ट और सोनट सॉफ्टवेयर में भी गिरावट देखने को मिली।

अडानी के शेयरों का जलवा

  • गिरते बाजार के बीच अडानी समूह के शेयरों ने निवेशकों को राहत दी।
  • अडानी पावर 7% चढ़कर 675 रुपये के करीब पहुंच गया।
  • अडानी इंटरप्राइजेज में 4% की तेजी रही।
  • अडानी एनर्जी सॉल्यूशन 3% और अडानी पोर्ट 2% चढ़े।
  • अडानी ग्रीन एनर्जी में भी करीब 3% की मजबूती दर्ज हुई।

अडानी स्टॉक क्यों उछले?

गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद खबर आई कि सेबी ने अडानी पर लगे हिंडनबर्ग आरोपों को खारिज कर केस बंद कर दिया है। इस खबर के बाद अडानी समूह के शेयरों में जोरदार तेजी आई। गौरतलब है कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट आने के बाद अडानी के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज हुई थी।