होम = व्यापार = Gold Silver Rate : सोना-चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, कीमतों में हुई भारी तेजी

Gold Silver Rate : सोना-चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, कीमतों में हुई भारी तेजी

by | Sep 1, 2025 | व्यापार

Gold Silver Rate : सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुओं ने नए रिकॉर्ड बनाते हुए निवेशकों को चौंका दिया। आज सोने और चांदी के दाम में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

क्यों बढ़ी कीमतें?

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी, फेडरल रिजर्व की ओर से सितंबर में ब्याज दर में कटौती की उम्मीद और अमेरिकी ट्रंप प्रशासन से जुड़े टैरिफ विवाद के चलते निवेशक सुरक्षित विकल्प यानी सोना और चांदी (Gold Silver Rate) की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

पिछले सप्ताह अमेरिकी फेडरल अपील कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से व्यापारिक साझेदार देशों पर लगाए गए उच्च टैरिफ को असंवैधानिक करार दिया। कोर्ट ने कहा कि ट्रंप ने प्रेसिडेंटल अथॉरिटीज का गलत इस्तेमाल किया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में अपील की प्रक्रिया के चलते 14 अक्टूबर तक यह टैरिफ बरकरार रहेगा। इस फैसले के बाद डॉलर में कमजोरी आई और निवेशकों ने सोने-चांदी में निवेश बढ़ा दिया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज का हाल

3 अक्टूबर की एक्सपायरी वाला सोना 2 प्रतिशत बढ़कर 1,05,937 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 5 सितंबर की एक्सपायरी वाली चांदी भी 2 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,24,214 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

सुबह के समय, 9:40 बजे सोना 1.03 प्रतिशत बढ़कर 1,04,889 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,22,560 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।

बुलियन मार्केट की स्थिति

इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार, सोमवार को 24 कैरेट सोना 1,02,390 रुपये प्रति 10 ग्राम में बिक रहा था। 22 कैरेट सोना 99,930 रुपये प्रति 10 ग्राम में उपलब्ध था। चांदी की कीमत 1,17,572 रुपये प्रति किलो रही।

ये भी पढ़े : Share Market Today: हरे निशान पर खुले Sensex-Nifty, सेंसेक्स 19.34 अंक की तेजी के साथ खुला

विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर में कमजोरी और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के कारण निवेशक सोने और चांदी को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। यदि यह रुझान जारी रहा, तो आने वाले हफ्तों में भी सोना और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है।

बंगाल