Today Gold-Silver Rate : दीवाली के बाद से लगातार सोने-चांदी के भाव में गिरावट देखने को मिल रही है। इसी के साथ शुक्रवार को चांदी का भाव अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 31,000 रुपये की गिरावट के साथ 1.45 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया। बता दें कि ये रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंचने के बाद की कीमतों में 21% की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
चांदी की कीमतों में क्यों आई गिरावट
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लंदन में भौतिक भंडार की कमी के कारण भारत में हाजिर चांदी 14 अक्टूबर को 1.78 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गई।
क्यों उंचाई पर पहुंचे चांदी के भाव
चांदी की कीमतों में जारी इस गिरावट से पहले, इस साल सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, 5G कम्यूनिकेशन डिवाइस और AI हार्डवेयर जैसे सेक्टरों से जबरदस्त इंडस्ट्रियल डिमांड की वजह से इसकी कीमतों में जोरदार उछाल आया। इसी बीच, स्थिर खनन और सीमित पुनर्चक्रण ने डिलीवरी में बाधाएं पैदा की हैं।
सस्ता हुआ सोना
शुक्रवार को खुदरा बाजार में सोने की कीमत अपने रिकॉर्ड हाई 1,32,294 रुपये से 9875 रुपये प्रति 10 ग्राम या 7.46% गिरकर 1,22,419 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। एक्सपर्ट्स ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण अल्पकालिक बिकवाली और मजबूत अमेरिकी डॉलर को बताया है।
भारतीय उपभोक्ताओं ने 18-19 अक्टूबर को धनतेरस के मौके पर चांदी और सोने के सिक्कों की खूब खरीदारी की। कई लोगों ने इन कीमती धातुओं में निवेश करने के लिए सोने और चांदी के ईटीएफ का विकल्प चुना, जिनमें इस साल की शुरुआत से ही लगातार तेजी देखी गई थी।

