Economic Survey 2026: बजट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए गुरुवार, 29 जनवरी का दिन खास माना जा रहा है। 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट से पहले सरकार आज ‘इकोनॉमिक सर्वे 2026’ पेश करेगी। यह दस्तावेज देश की आर्थिक स्थिति का रिपोर्ट कार्ड होता है, जो बताता है कि बीता साल कैसा रहा और आने वाले साल में अर्थव्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ सकती है। यह रिपोर्ट आम जनता, निवेशक और बाजार दोनों के लिए अहम मानी जाती है।
Economic Survey कब और कहां पेश होगा?
आर्थिक सर्वेक्षण 2026 आज सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा। इसे मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंथा नागेश्वरन लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। यह बजट सत्र के दौरान जारी किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से हुई थी। संसद का यह सत्र 2 अप्रैल तक चल सकता है।
Economic Survey क्या है और क्यों जरूरी है?
इकोनॉमिक सर्वे देश की सालाना आर्थिक स्थिति का विवरण देता है। इसमें विकास दर, महंगाई, रोजगार, व्यापार और सरकार की आय-व्यय से जुड़ी जानकारियां शामिल होती हैं। सरल शब्दों में कहा जाए तो यह रिपोर्ट देश की कमाई, खर्च और रोजगार की तस्वीर को उजागर करती है और बताती है कि आगे किन आर्थिक पहलुओं पर ध्यान देने की जरूरत है। इकोनॉमिक सर्वे एक तरह का आईना है, जिसमें महंगाई, कृषि, उद्योग और नौकरियों की ताजा स्थिति विस्तार से दिखाई जाती है।
बजट से पहले क्यों पेश किया जाता है?
पहली बार Economic Survey साल 1950-51 में बजट के साथ पेश किया गया था। लेकिन 1964 के बाद इसे बजट से अलग प्रकाशित किया जाने लगा ताकि सांसद और जनता बजट से पहले देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति जान सकें। आमतौर पर यह रिपोर्ट दो हिस्सों में तैयार होती है—एक में पूरी अर्थव्यवस्था की स्थिति और दूसरे में सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर फोकस।
Economic Survey 2026 का लाइव अपडेट कैसे देखें?
इकोनॉमिक सर्वे का लाइव कवरेज संसद टीवी (Sansad TV) के यूट्यूब चैनल और दूरदर्शन पर देखा जा सकता है। इसके अलावा, वित्त मंत्रालय और पीआईबी (PIB) के सोशल मीडिया पेज पर भी इसकी ताज़ा जानकारी उपलब्ध रहेगी। NDTV की वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर भी लाइव कवरेज मिलेगा, जिससे घर बैठे देश की आर्थिक रफ्तार का जायजा लिया जा सकेगा।
1 फरवरी को पेश होगा बजट
अब सबकी नजर 1 फरवरी पर है, जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट 2026 पेश करेंगी। Economic Survey में दिए गए आंकड़े आने वाले बजट की दिशा तय करने में मदद करेंगे, इसलिए इसे बजट से पहले का महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है।

