CSK vs MI match Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होना है, जो गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी की वापसी की संभावना जताई जा रही है। टीम के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने खुलासा किया कि धोनी हाल ही में टीम के नेट्स में विकेटकीपिंग करते नजर आए। पिंडली की चोट के कारण वह इस सीजन अब तक मैदान पर नहीं उतर सके हैं।
अश्विन ने धोनी के खेलने पर दिया बयान
रविचंद्रन अश्विन ने अपने वीडियो में कहा, “मैंने अपनी जिंदगी में कभी धोनी को नेट्स में विकेटकीपिंग करते नहीं देखा। आज वह कीपिंग कर रहे थे, इसका मतलब है कि वह विकेटकीपिंग ग्लव्स पहनने वाले हैं।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संजू सैमसन को फील्डिंग करनी पड़ सकती है या वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आ सकते हैं। अश्विन ने आगे कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि वह (धोनी) अगले मैच में खेलेंगे। मैंने सुना है कि वह पूरी तरह फिट हैं।”
प्रेक्टिस में पेसरों का धोनी ने किया सामना
महेंद्र सिंह धोनी हाल ही में सीएसके के नेट्स में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास करते नजर आए। बल्लेबाजी से पहले वह काफी सहज दिखे और उन्होंने विदेशी तेज गेंदबाज मैट हेनरी और जेमी ओवरटन का सामना भी किया। उनके खेल में चोट के कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिखे। इस बीच, सीएसके के खिलाड़ी खलील अहमद और आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं।

