Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का असर कम होते ही मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। India Meteorological Department (आईएमडी) ने 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 18 से 19 फरवरी के बीच मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 17 से 19 फरवरी तक वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव होगा।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (16 फरवरी) को मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में हल्की धुंध रह सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी को राजधानी में बादल छाए रहेंगे और सुबह के वक्त कोहरा भी हो सकता है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में चढ़ेगा पारा
उत्तर प्रदेश में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। बीच-बीच में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो हफ्तों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे पारा 30 डिग्री के पार जाने की संभावना है।
सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दोपहर में गर्मी का एहसास हो सकता है।
अगले 2-3 दिनों तक कोई मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं होने से अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव संभव है।
बिहार में सामान्य हो रहा मौसम
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में मौसम अब सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। मध्य फरवरी तक मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है। वर्तमान में राज्य का न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: भारत की धमाकेदार जीत, पाकिस्तान को 61 रन से हराकर रचा इतिहास

