Violence in Uttam Nagar: दिल्ली के उत्तम नगर में होली पर 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद से इलाके में तनाव माहौल बना हुआ है। शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में लोग मुख्य आरोपी के घर पहुंच गए और तोड़फोड़ की। भीड़ ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान फेंक दिया। यहां तक की घर के बाहर खड़ी कारों और बाइकों फूंक दिया गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
उत्तम नगर के जे-जे कॉलोनी इलाके में एक 11 साल की लड़की छत से होली खेल रही थी और उसने नीचे खड़े अपने रिश्तेदारों की ओर पानी से भरा गुब्बारा फेंका। लेकिन वह गुब्बारा गलती से पास खड़ी एक महिला पर गिर गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में यह सिर्फ बहस तक सीमित थी लेकिन धीरे-धीरे माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस का कहना है कि बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस झड़प में कई लोग घायल हुए। तरुण भी इस हिंसा में गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस बल इलाके में तैनात
फिलहाल उत्तम नगर इलाके में स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव को फैलने से रोका जा सके। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि माहौल को बिगड़ने से रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: होली का गुब्बारा बना मौत की वजह! पानी के छींटे से शुरू हुआ विवाद, 20 लोगों ने युवक को उतारा मौत के घाट

