US Attack on Iran: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं और जंग का आज नौवां दिन है। बीते आठ दिनों में इलाके में भारी तबाही देखने को मिली है, वहीं अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी बीच नॉर्वे की राजधानी ओस्लो से भी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां रविवार तड़के अमेरिकी दूतावास के पास जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया।
ईरान पर बढ़ रहे हैं अमेरिकी हमले
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब क्षेत्र में हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को इराक की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर कात्युशा रॉकेट से हमला किया गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले की जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। वहीं, ईरान की राजधानी तेहरान और इजरायल के यरुशलम में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इजरायल का कहना है कि उसने शनिवार को एक नए हमले में ईरानी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है।
ट्रंप का दावा- ईरान युद्ध हार चुका है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि ईरान हार चुका है और उसने मध्य पूर्व के पड़ोसी देशों के सामने आत्मसमर्पण कर माफी मांगी है। ट्रंप की यह टिप्पणी उस वक्त आई जब ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कुछ घंटे पहले ही तनाव कम करने के संकेत दिए थे और पड़ोसी देशों से हमलों के लिए माफी मांगी थी। पेज़ेश्कियन ने कहा कि उन्होंने ईरान की सशस्त्र सेनाओं को निर्देश दिया है कि जब तक पड़ोसी देशों की ओर से हमला न हो, तब तक उन पर कोई मिसाइल या सैन्य कार्रवाई न की जाए। ईरानी राष्ट्रपति ने पड़ोसी देशों को अपना “भाई” बताते हुए कहा कि उनका उन पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि उन्होंने अमेरिका की ओर से बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक सपना है, जिसे अमेरिका को अपने साथ ही दफन कर देना चाहिए। इस बयान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

