UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने की तैयारी में है। दरअसल, इन दिनों तेज धूप के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में जल्द ही बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 16 फरवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े परिवर्तन की उम्मीद नहीं है।
फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
आंचलिक मौसम केंद्र, अमौसी (लखनऊ) से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार, 13 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी 75 जिलों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का और सतही कोहरा देखा जा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप खिली रहेगी। कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
14 और 15 फरवरी को भी दोनों संभागों में मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। इसके बाद 16 फरवरी से पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में काले बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है, जो 17 फरवरी को भी जारी रह सकती है।
इन जिलों में रहेगा सामान्य मौसम
शुक्रवार को कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमेठी, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, गाजियाबाद, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, महाराजगंज, मऊ, बलिया, देवरिया, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, बिजनौर, इटावा और मैनपुरी सहित आसपास के जिलों में आसमान साफ रहेगा। इन क्षेत्रों में सुबह से ही धूप निकलने के आसार हैं।
लखनऊ और नोएडा में भी तापमान में बढ़ोतरी
राजधानी लखनऊ में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। सुबह और रात में हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में धूप की तीव्रता बढ़ गई है। अगले तीन दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है। दिल्ली से सटे नोएडा में भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी हुई है।
दो पश्चिमी विक्षोभ डालेंगे असर
बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आज और 16 फरवरी को क्रमशः दो नए पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। इनके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। साथ ही तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
न्यूनतम तापमान में उछाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बांदा जिले में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं कुछ इलाकों में हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: आज भारत बंद, देशभर में ट्रेड यूनियनों की हड़ताल; जानें क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद

