होम = Breaking = संभल में बुलडोजर की दस्तक: ईदगाह-इमामबाड़े पर कार्रवाई, भीड़ जुटी तो अफसरों ने संभाला मोर्चा

संभल में बुलडोजर की दस्तक: ईदगाह-इमामबाड़े पर कार्रवाई, भीड़ जुटी तो अफसरों ने संभाला मोर्चा

by | Apr 16, 2026 | Breaking, News Latest

UP News: संभल में गुरुवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर चलाया। सुबह 8 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में ईदगाह को गिरा दिया गया, जबकि इमामबाड़े को चार बुलडोजरों की मदद से ध्वस्त किया जा रहा है। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 5 थानों की पुलिस और एक कंपनी PAC तैनात की गई है। यह देख ग्रामीण मौके पर जुट गए। विरोध की आशंका को देखते हुए अफसरों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। प्रशासन के मुताबिक, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद गड्ढे की भूमि पर इमामबाड़ा बनाया गया था।

तहसील कोर्ट में दायर की गई थी अपील

गांव वालों की शिकायत के बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस अखबार में प्रकाशित कराया गया और कब्जेदारों से अपील की गई कि वे अपना पक्ष प्रस्तुत करें। लेकिन तय समय सीमा के बावजूद कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया।

डीएम और एसपी ने मौका स्थल का लिया जायजा

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां कुछ लोग छैनी-हथौड़ी से इमामबाड़े को तोड़ते हुए पाए गए। प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें वहां से हटा दिया। यह मामला कोतवाली संभल क्षेत्र के बिछोली गांव का है। दोपहर करीब 12 बजे डीएम राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासनिक टीमों से ढांचों को गिराने की कार्रवाई की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Tags :