IMD Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के मैदानी इलाकों के लिए अगले 72 घंटों को बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण बताया है। उत्तर-पश्चिम भारत, खासकर उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भीषण लू का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक के लिए नया हीटवेव मैप और बुलेटिन जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि यह गर्मी धीरे-धीरे पूर्वी और मध्य भारत तक भी फैल सकती है।
आने वाले दिनों में 4 डिग्री टेंपरेचर की होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान को लेकर अपना लेटेस्ट अनुमान जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में 25 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 3 से 4°C की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। 26 और 27 अप्रैल को तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, यानी गर्मी स्थिर रहेगी। मध्य भारत और महाराष्ट्र में 22 अप्रैल तक तो राहत है, लेकिन 23 से 27 अप्रैल के बीच पारा 3 से 4 डिग्री तक चढ़ जाएगा। गुजरात में भी 24 अप्रैल से गर्मी का नया दौर शुरू होगा, जिससे तापमान में 2-3°C का इजाफा होगा।
25 अप्रैल तक प्रचंड लू चलने के आसार
IMD के अनुसार, केवल दिन की तपिश ही नहीं, बल्कि रातें भी लोगों को बेचैन करेंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 25 अप्रैल तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अप्रैल तक प्रचंड लू चलेगी। पंजाब और हरियाणा में 24 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट है। साथ ही दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में वार्म नाइट की स्थिति 24 अप्रैल तक बनी रहेगी, जिसका मतलब है कि रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश और ओडिशा में 23 से 25 अप्रैल के बीच लू चलेगी, जबकि बिहार और पश्चिम बंगाल में 21-22 अप्रैल को हीटवेव का असर रहेगा।

