UAV Crashes News: उत्तर प्रदेश के इटावा में स्टार्टअप एलएटी एरोस्पेस का एक मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) टेस्ट के दौरान तकनीकी खराबी आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया और खेत में जा गिरा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सैफई हवाई पट्टी से उड़ान भरने के बाद यूएवी ने कंट्रोल खो दिया था।
UAV के दुर्घटनाग्रस्त होते ही पहुंची पुलिस
नागरिक उड्डयन विभाग से पूर्व अनुमति लेने के बाद ‘एलएटी एयरोस्पेस’ कंपनी अपने यूएवी प्रोटोटाइप का परीक्षण कर रही थी। परीक्षण के दौरान अचानक विमान में यांत्रिक खराबी आ गई, जिससे वह अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित होने के बाद यह हवाई वाहन सैफई हवाई पट्टी के पास स्थित नंदपुर गांव के एक खेत में जा गिरा। विमान को खेत में पड़ा देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एडीएम ने कहा- यूएवी टेस्टिंग के लिए दी गई थी मंजूरी
एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि कंपनी को यूएवी प्रोटोटाइप के परीक्षण के लिए सैफई हवाई पट्टी के उपयोग की मंजूरी दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

