Iran War News: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से एक अहम राजनीतिक बयान सामने आया है, जिसमें अमेरिकी सैन्य मौजूदगी पर सवाल उठाए गए हैं। पश्चिम एशिया के विशेषज्ञ और राजनीतिक टिप्पणीकार अब्दुल खालिक अब्दुल्ला ने कहा है कि यूएई को अपनी सुरक्षा के लिए अब अमेरिका पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश ने ईरानी हमलों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित कर दी है। उन्होंने अरब खाड़ी क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हटाने की भी मांग की है। यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे पश्चिम एशिया की स्थिति और अधिक संवेदनशील बनी हुई है।
UAE ने सुरक्षा नीति में बदलाव के दिए संकेत
अब्दुल खालिक अब्दुल्ला ने अपने ट्वीट में बताया कि उन्होंने एक समाचार एजेंसी से ईरान-इजरायल तनाव और अरब देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मौजूदगी को लेकर बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूएई को अपनी सुरक्षा नीति में बदलाव करते हुए अमेरिका से केवल हथियारों की खरीद तक सीमित रहना चाहिए, लेकिन उसकी सैन्य मौजूदगी या बेस को अपनी जमीन पर अनुमति नहीं देनी चाहिए।
क्या कहा राजनीतिक टिप्पणीकार अब्दुल्ला ने?
अब्दुल्ला ने कहा कि ईरान के हमलों का मुकाबला करते हुए यूएई ने यह साबित कर दिया है कि अब उसे अपनी रक्षा के लिए अमेरिका पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर पुनर्विचार करने का समय आ गया है, क्योंकि उनकी मौजूदगी अब रणनीतिक लाभ के बजाय एक बोझ बनती जा रही है।

