होम = Breaking = अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पोप लियो पर किया जुबानी हमला, खुद को बताया मसीह का अवतार

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पोप लियो पर किया जुबानी हमला, खुद को बताया मसीह का अवतार

by | Apr 13, 2026 | Breaking, News Top

Trump lambasts Pope Leo XIV: डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर एक AI जनरेटेड तस्वीर साझा की है, जिसमें वह खुद को ‘यीशु मसीह’ के रूप में दिखाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में ट्रंप एक बीमार व्यक्ति के सिर पर हाथ रखते दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि यह तस्वीर उन्होंने पोप लियो XIV पर तीखी टिप्पणी करने के कुछ ही मिनट बाद शेयर की, जिसके बाद इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

लाल चोंगा पहने नज़र आए ट्रंप

तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप सफेद वस्त्र और लाल चोंगा पहने नजर आते हैं, जो पारंपरिक रूप से यीशु मसीह की छवि से जुड़ा माना जाता है। वह एक लेटे हुए मरीज के सिर पर हाथ रखकर उसे ठीक करते दिख रहे हैं, जिसे कुछ अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स जेफरी एपस्टीन जैसा बता रही हैं। तस्वीर में उनके आसपास नर्सें, पूर्व और वर्तमान सैनिक मौजूद हैं, जबकि बैकग्राउंड में स्वर्ग जैसा दृश्य, अमेरिकी झंडा, युद्धक विमान, चील, लिंकन मेमोरियल और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसे प्रतीकात्मक दृश्य दिखाए गए हैं, जो इस पोस्ट को और अधिक विवादास्पद बना रहे हैं।

ट्रंप ने की थी पोप की आलोचना

डोनाल्ड ट्रंप ने यह तस्वीर पोप लियो XIV की सोशल मीडिया पर आलोचना के तुरंत बाद पोस्ट की। अपनी लंबी पोस्ट में उन्होंने पोप को अपराध के मामलों में कमजोर और विदेश नीति पर ‘गलत सोच’ रखने वाला बताया। ट्रंप ने लिखा कि उन्हें ऐसा पोप स्वीकार नहीं है जो ईरान के परमाणु हथियार रखने को सही माने, वेनेज़ुएला पर अमेरिका की कार्रवाई को गलत बताए और अमेरिकी राष्ट्रपति की आलोचना करे।

पोप के किस बयान पर ट्रंप भड़के

पोप लियो XIV ने सेंट पीटर बेसिलिका में प्रार्थना सभा के दौरान कहा कि ईरान में अमेरिका-इज़राइल तनाव “सर्वशक्तिमान होने के भ्रम” से प्रेरित है। उन्होंने यह भी कहा कि ईश्वर युद्ध करने वालों की प्रार्थना स्वीकार नहीं करता और हिंसा में लिप्त लोगों को अस्वीकार कर देता है। पोप लियो ने डोनाल्ड ट्रंप के “पूरी सभ्यता नष्ट होने” वाले बयान को भी ‘अस्वीकार्य’ करार दिया, जिससे दोनों के बीच बयानबाज़ी और तेज हो गई।