होम = Breaking = 2 पूर्व विधायकों की हत्या का टॉप नक्सली कमांडर सुरेश समेत 9 नक्सलियों ने विजयवाड़ा में किया सरेंडर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

2 पूर्व विधायकों की हत्या का टॉप नक्सली कमांडर सुरेश समेत 9 नक्सलियों ने विजयवाड़ा में किया सरेंडर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

by | Mar 30, 2026 | Breaking, News Latest

9 Naxalites Surrendered News: आंध्र प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। डेडलाइन पूरी होने से सिर्फ 24 घंटे पहले यहां बड़े माओवादी कमांडर सुरेश समेत 9 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। बताया गया है कि कमांडर सुरेश पिछले 36 साल से अंडरग्राउंड था। अब इन सभी को मुख्यधारा में लाने और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सुरेश पर है 2 पूर्व विधायकों की हत्या का आरोप

टॉप नक्सली कमांडर सुरेश कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। वह वर्ष 2018 में हुए पूर्व विधायक किदारी सर्वेश्वर राव और पूर्व विधायक सिवरी सोमेश्वर राव की हत्या का मुख्य आरोपी भी था। इसके अलावा सुरेश का नाम पुलिस बलों पर किए गए कई घात लगाए जाने वाले हमलों से भी जुड़ा हुआ है। आंध्र प्रदेश के अलावा नक्सली कमांडर सुरेश का नाम ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हुए कई बड़े माओवादी हमलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार किया बरामद

डीजीपी हरीश कुमार गुप्ता के सामने नक्सली कमांडर सुरेश समेत अन्य 8 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्रियां बरामद की है। इनमें 1 INSAS राइफल, 2 BGL हथियार, 5 ‘.303’ राइफल्स, 5 SBBL गन और 6 सिंगल-शॉट राइफल्स शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में विस्फोटक, कारतूस और संचार उपकरण जब्त किए हैं।