Earthquake In Sikkim: सिक्किम के ग्यालशिंग में आज देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, रात एक बजकर नौ मिनट पर भूकंप आया और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। अचानक आए इस झटके से लोग दहशत में आ गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं
स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए रखी हुई है। अभी तक इस भूकंप से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
पश्चिम बंगाल में भूकंप के तेज झटके
हालांकि सिक्किम में आया भूकंप मामूली था, लेकिन इससे पहले गत मंगलवार को पश्चिम बंगाल और कोलकाता के कई हिस्सों में भी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 मापी गई थी। इसका मुख्य केंद्र म्यांमार के सितवे के पास था, जो येनांगयांग से 95 किमी पश्चिम और बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित है। रात के समय अचानक आए इन झटकों से कोलकाता की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग डर के मारे खुले मैदानों की ओर भागने लगे थे।
ये भी पढ़ें: Philippines Fire: दक्षिणी फिलीपींस में भीषण आग, हजारों लोग हुए बेघर; बचाव कार्य जारी

