Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर और EX मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मंगलवार (3 मार्च 2026) को दूसरे आरोपी गुलफाम को एनकाउंटर में मार गिराया। इससे पहले 1 मार्च को मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किया था।
इंदिरापुरम में हुई मुठभेड़
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि इंदिरापुरम इलाके में वसुंधरा की ओर भाग रहे दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग की। दोनों बाइक छोड़कर पैदल भागने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में करीब 20 राउंड की मुठभेड़ के दौरान गुलफाम गोली लगने से ढेर हो गया।
जीशान और गुलफाम का कनेक्शन
गुलफाम, मुख्य आरोपी जीशान का भाई था। 1 मार्च की मुठभेड़ में जीशान मारा गया था। उस दौरान लोनी थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए थे क्योंकि उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी थी। वहीं दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सलीम वास्तिक पर हमला
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी को अली गार्डन कॉलोनी, लोनी में दो भाइयों ने हेलमेट पहनकर सलीम के ऑफिस में घुसकर उन पर करीब 14 बार चाकू से वार किए। हमले में सलीम के गले और पेट पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और ऑपरेशन के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी हालत अभी भी नाजुक है।
कट्टरपंथी संगठन से संबंध
पुलिस ने बताया कि जीशान और गुलफाम एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़े थे। जीशान खुद भी यूट्यूब चैनल संचालित करता था। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। 1 मार्च की मुठभेड़ में जीशान को ढेर किया गया था और मंगलवार को पुलिस ने गुलफाम को एनकाउंटर में मार गिराया।
इस एनकाउंटर के बाद गाजियाबाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि आरोपियों को किसी भी तरह का संरक्षण नहीं मिलेगा और वे सभी हिंसक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करती रहेंगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के रिठाला में झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर राख

