Salim Khan Health Update: हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रीनराइटर और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें मामूली ब्रेन हैमरेज हुआ है, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और एहतियातन निगरानी में रखा गया है। लेकिन उनकी निजी जिंदगी और दूसरी शादी से जुड़ी बातें लोगों का ध्यान खींच रही हैं। ऐसे में उन्होंने हेलेन को लेकर जो बात बताई है, वो सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है।
पूरा खान परिवार पहुंचा अस्पताल
बता दें कि स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर मिलते ही पूरा खान परिवार अस्पताल पहुंच गया। सलमान खान के अलावा अरबाज खान, सोहेल खान, अलवीरा खान अग्निहोत्री और आयुष शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। करीबी मित्र जावेद अख्तर और अभिनेता संजय दत्त भी हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
निजी जिंदगी की चर्चाएं फिर सुर्खियों में
सलीम खान की तबीयत की खबर सामने आते ही उनके पुराने इंटरव्यू और निजी जिंदगी से जुड़े किस्से सोशल मीडिया पर दोबारा चर्चा में आ गए। खासतौर पर उनकी दूसरी शादी को लेकर दिए गए बयान लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
एक पुराने इंटरव्यू में सलीम खान ने बताया था कि अभिनेत्री हेलेन से शादी कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था। उन्होंने इस रिश्ते के बारे में सबसे पहले अपनी पहली पत्नी सलमा खान को बताया था। उनका मानना था कि परिवार को सच्चाई किसी और से नहीं, बल्कि सीधे उनसे ही पता चलनी चाहिए।
उन्होंने अपने बच्चों से भी खुलकर बातचीत की और कहा कि वे हेलेन का सम्मान करें। सलीम खान ने स्वीकार किया था कि शुरुआत में परिस्थितियां आसान नहीं थीं, लेकिन समय के साथ परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। उस समय बच्चे छोटे थे, इसलिए पूरी बात समझना उनके लिए आसान नहीं था, मगर बड़े होने के बाद उन्होंने स्थिति को बेहतर तरीके से समझा।
परिवार और फैंस की दुआएं
सलीम खान और सलमा खान के चार बच्चे हैं सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान अग्निहोत्री। बाद में उन्होंने अर्पिता खान को गोद लेकर बेटी की तरह पाला।
फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार सलीम खान की स्थिति नियंत्रण में है। परिवार के सदस्य और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। मनोरंजन जगत से जुड़े कई लोग भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।
ये भी पढ़ें: खेसारीलाल यादव की फिल्म ‘अग्नि परीक्षा’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, नए अवतार ने फैंस को किया हैरान

