Rajasthan Accident: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई। यह हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के निकट रात करीब 11 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी युवक कालाखो गांव के निवासी थे। वे एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से चल रही उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई, डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
चार की मौके पर ही मौत
हादसा बेहद भीषण था। टक्कर के तुरंत बाद चार युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दो अन्य गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक ने दौसा के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे घायल ने जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
कार में बुरी तरह फंसे थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर से टकराने के बाद वह दूसरी दिशा में जा रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और युवक कार के अंदर ही फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों को शवों और घायलों को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में क्रेन की मदद से ट्रेलर में फंसी कार को अलग किया गया।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान समय सिंह पुत्र राम सिंह योगी, लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित पुत्र लालाराम बैरवा और नवीन के रूप में की है। सभी मृतक दौसा जिले के कालाखो गांव के निवासी बताए गए हैं।
ये भी पढ़ें: कनाडा के स्कूल में फायरिंग से कम से कम 9 लोगों की मौत व 27 घायल

