उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आज एक ऐतिहासिक और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। यहां आमतौर पर तेज रफ्तार वाहनों से गुलजार रहने वाली सड़क अचानक भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के ऑपरेशन का केंद्र बन गई। यह पूरा अभ्यास इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड एक्टिवेशन एक्सरसाइज के तहत आयोजित किया गया।
एयरस्ट्रिप बना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उस समय हैरान कर देने वाला नज़ारा सामने आया जब भारतीय वायुसेना का C295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सबसे पहले सुरक्षित लैंडिंग करता दिखा। इसके बाद जगुआर फाइटर जेट ने रनवे पर शानदार लैंडिंग की और आसमान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अभ्यास में सुखोई, मिराज और तेजस जैसे 9 आधुनिक लड़ाकू विमानों ने भी हिस्सा लिया। इन विमानों ने एक्सप्रेसवे की एयरस्ट्रिप पर टेकऑफ और लैंडिंग कर उसकी उपयोगिता को परखा।
इमरजेंसी लैंडिंग एक्सरसाइज का हिस्सा रहा अभ्यास
यह पूरा ऑपरेशन Emergency Landing Field Activation Exercise का हिस्सा था, जिसका मुख्य उद्देश्य युद्ध या आपातकालीन स्थिति में हाईवे को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता को परखना था।
अभ्यास के दौरान वायुसेना ने न सिर्फ सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ का प्रदर्शन किया, बल्कि एयरस्ट्रिप की तकनीकी तैयारियों और रणनीतिक महत्व को भी साबित किया।
आसमान में गूंजा फाइटर जेट्स का शोर
एक्सप्रेसवे की एयरस्ट्रिप पर जब लड़ाकू विमानों ने फ्लाईपास्ट किया तो पूरा इलाका गर्जना से गूंज उठा। तेज रफ्तार में उड़ते फाइटर जेट्स ने वायुसेना की ताकत, सटीकता और ऑपरेशनल क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
हाईवे से एयरबेस तक का सफल परीक्षण
इस अभ्यास ने एक बार फिर साबित किया कि आधुनिक युद्ध या आपात स्थिति में हाईवे को भी एयरबेस के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ यह प्रदर्शन वायुसेना की तैयारी और भारत की रक्षा क्षमताओं की मजबूत तस्वीर पेश करता है।
ये भी पढ़ें: बंगाल में 62.18% और तमिलनाडु में 56.81% वोटिंग, चुनाव के बीच मुर्शिदाबाद के नौदा में बमबाजी से हड़कंप; कई घायल

