होम = Breaking = इजराइल दौरे के बाद भारत लौटे PM मोदी, बोले-आपके स्नेह और गर्मजोशी के लिए ‘धन्यवाद इजराइल’

इजराइल दौरे के बाद भारत लौटे PM मोदी, बोले-आपके स्नेह और गर्मजोशी के लिए ‘धन्यवाद इजराइल’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी इजराइल यात्रा के दौरान मिले सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए वहां की सरकार और जनता के प्रति आभार प्रकट किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने पूरे प्रवास के दौरान मिले स्नेह को अविस्मरणीय बताया।

प्रधानमंत्री ने खास तौर पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू का उल्लेख करते हुए कहा कि बेन गुरियन एयरपोर्ट पर स्वयं पहुंचकर विदाई देना उनके लिए भावुक क्षण था। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और इजराइल के संबंध भविष्य में और अधिक मजबूत होंगे।

दो दिवसीय दौरे का समापन

प्रधानमंत्री मोदी की दो दिन की राजकीय यात्रा भावनात्मक विदाई के साथ संपन्न हुई। यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस दौरान भारत और इजराइल ने आपसी संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी तक विस्तार देने पर सहमति जताई। यात्रा के दौरान नवाचार, कृषि, विज्ञान, संस्कृति और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में 27 समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

एफटीए को लेकर बड़ा संकेत

विदाई से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल पारस्परिक लाभ वाले मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही उभरती और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने के लिए नई तकनीकी साझेदारी स्थापित करने की भी बात कही।

आतंकवाद पर दो टूक

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर स्पष्ट रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत और इजराइल इस बात पर एकमत हैं कि दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी रूप में आतंक को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि दोनों देश आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाली ताकतों के खिलाफ मिलकर काम करते रहेंगे। पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता को भारत की सुरक्षा से भी जुड़ा बताया।

गाजा शांति पहल का समर्थन

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति बहाली के प्रयासों का समर्थन करते हुए गाजा के लिए प्रस्तावित शांति योजना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत संवाद और कूटनीतिक समाधान का पक्षधर है तथा मानवीय संकट को टालना वैश्विक जिम्मेदारी है।

संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मोदी की यात्रा को अत्यंत महत्वपूर्ण और परिणामदायी बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा अल्प अवधि का होने के बावजूद बेहद प्रभावशाली रहा।

संसद भाषण की सराहना

नेतन्याहू ने इजराइली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को भावनात्मक बताते हुए कहा कि उनके शब्दों ने लोगों के दिलों को छू लिया। उन्होंने भारत की अटूट मित्रता के लिए आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने एक निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि विवाह से पहले वह अपनी पत्नी सारा के साथ तेल अवीव के एक भारतीय रेस्तरां में भोजन का आनंद ले चुके हैं, जो दोनों देशों के सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है।

जी2जी बैठक की तैयारी

इजराइली प्रधानमंत्री ने भविष्य में भारत में सरकार-से-सरकार (जी2जी) बैठक आयोजित करने की इच्छा जताई। उन्होंने दोनों देशों के बीच प्रतिभा, नवाचार और भावनात्मक संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस यात्रा ने भारत-इजराइल संबंधों को नई दिशा देने का संकेत दिया है और आने वाले समय में सहयोग के और व्यापक आयाम खुलने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक का दिया जवाब, 55 सैनिकों को मार गिराया व 19 चौकियों पर किया कब्जा

बंगाल