PM In Rajya Sabha News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान-इजरायल युद्ध से पैदा हुए तेल-गैस संकट पर मंगलवार को राज्यसभा में अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध से बने हालात भारत के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक रास्ते प्रभावित हुए हैं इसलिए सप्लाई प्रभावित हुई है। लगभग एक करोड़ भारतीय खाड़ी देशों में रहते और काम करते हैं, और उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी भारत के लिए एक प्रमुख चिंता का विषय है।
पीएम ने कहा- बीते दशक में ऊर्जा सुरक्षा पर अहम कदम उठाए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन को बताया कि देश के पास 53 लाख मीट्रिक टन का रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार मौजूद है। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव माध्यम से पेट्रोल और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए और अधिक महत्वपूर्ण और प्रासंगिक हो गए हैं।
प्रवासी मजदूरों का ख्याल रखने की पीएम ने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह राज्यसभा के सदस्यों और देश को आश्वस्त करते हैं कि देश के पास कच्चे तेल के पर्याप्त भंडारण और निरंतर आपूर्ति की व्यवस्था मौजूद है। उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि ईंधन के किसी एक ही स्रोत पर अत्यधिक निर्भरता न रहे। इसके साथ ही घरेलू गैस आपूर्ति के लिए एलपीजी के साथ-साथ पीएनजी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकारों से अपील की कि प्रवासी मजदूरों का विशेष ध्यान रखा जाए, क्योंकि संकट के समय सबसे अधिक प्रभावित वही होते हैं, और योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुंचना चाहिए।
ये भी पढ़ें: ईरान युद्ध के बीच तेल-गैस संकट पर PM मोदी ने संसद में रखी अपनी बात, कहा- 27 की जगह 41 देशों से आयात कर रहे हैं

