Parliament Budget Session: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने मंगलवार को लोकसभा में सरकार को घेरने की कोशिश की। विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद जब सदन दोबारा बैठा, तब भी शोर-शराबा जारी रहा, जिसके चलते कार्यवाही फिर दो बजे तक के लिए टाल दी गई। दोपहर बाद राहुल गांधी के खड़े होते ही मामला और गरमा गया और अंततः सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने पर बढ़ा विवाद
दोपहर दो बजे कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बोलने की कोशिश की और इस दौरान चीन से जुड़े मुद्दे का जिक्र किया। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताई और कहा कि यह विषय चर्चा के एजेंडे में शामिल नहीं है। इसके बाद सदन में फिर से हंगामा शुरू हो गया और कार्यवाही बाधित हो गई।
बार-बार स्थगन से ठप रही लोकसभा
विपक्षी सदस्यों के विरोध-प्रदर्शन के चलते पीठासीन सभापति ने कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी। सदन से बाहर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि यह पहली बार है जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को देश के किसानों और जनता को बताना चाहिए कि इस व्यापार समझौते में क्या शर्तें हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि समझौता महीनों से अटका था, लेकिन अचानक इसके ऐलान से संदेह पैदा होता है।
सदन में नियमों को लेकर तकरार
कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वे अपने आरोपों से जुड़े सभी दस्तावेज सदन के पटल पर रखने को तैयार हैं। इस पर किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पहले ही नियमों को स्पष्ट कर चुके हैं और सरकार नियमों के तहत विपक्ष की बात सुनने को तैयार है। पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेनेट्टी ने विपक्षी सदस्यों की भाषा और व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन में असंसदीय संबोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रश्नकाल के दौरान शुरू हुआ हंगामा
सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसद सुरूपसिंह हिरिया नाइक के निधन की सूचना दी और सदन ने कुछ क्षण का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ विरोध जताने लगे।
अध्यक्ष ने सदस्यों से शांति बनाए रखने और कार्यवाही चलने देने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल सांसदों के सवाल पूछने और सरकार की जवाबदेही तय करने का अहम समय होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। बावजूद इसके हंगामा न थमने पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल CM ममता ने मुख्य चुनाव आयुक्त से की मुलाकात, कहा- उनके जैसा ‘झूठा’ और ‘अहंकारी’ इंसान नहीं देखा

