होम = Breaking = ‘हालात मेरे हाथ में नहीं, जो होगा देखा जाएगा’, गिरफ्तारी के बाद बोले सांसद पप्पू यादव

‘हालात मेरे हाथ में नहीं, जो होगा देखा जाएगा’, गिरफ्तारी के बाद बोले सांसद पप्पू यादव

Pappu Yadav Arrest: बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पुलिस ने शुक्रवार देर रात हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई करीब तीन दशक पुराने एक मामले में की गई है। गिरफ्तारी से पहले पटना स्थित उनके आवास पर पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी बहस और भारी गहमागहमी देखने को मिली। लंबे समय तक चले घटनाक्रम के बाद आखिरकार पुलिस ने सांसद को गिरफ्तार कर लिया।

पटना की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 31 साल पुराने एक आपराधिक मामले में पप्पू यादव के खिलाफ गिरफ्तारी और कुर्की का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के अनुपालन में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पटना पुलिस मंदिरी स्थित उनके आवास पर पहुंची।

स्वास्थ्य का हवाला देकर गिरफ्तारी टालने की मांग

पुलिस कार्रवाई के दौरान पप्पू यादव ने अपनी खराब तबीयत का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है और नियमित दवाइयों की जरूरत है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि उन्हें हाउस अरेस्ट में रखा जाए और शनिवार को अदालत में पेश किया जाए। इस दौरान उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह को सौंपी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

डेढ़ घंटे तक चला तनावपूर्ण घटनाक्रम

करीब डेढ़ घंटे तक उनके आवास पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर जुट गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कई समर्थक पुलिस वाहन के सामने लेट गए, जिससे हालात और जटिल हो गए। काफी मशक्कत के बाद आधी रात के करीब पप्पू यादव गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हुए, जिसके बाद पुलिस उन्हें लेकर वहां से रवाना हुई।

आईजीएमएस में कराया गया मेडिकल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस सांसद को पटना के आईजीएमएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां रात करीब 12:45 बजे उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने एक्स-रे और ईसीजी समेत जरूरी जांच की। फिलहाल पप्पू यादव को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है। सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह पुलिस का अधिकार है कि आरोपी को किस स्थान पर रखा जाए और शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

किस मामले में हुई गिरफ्तारी

जिस मामले में पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया है, वह वर्ष 1995 से जुड़ा है। पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में विनोद बिहारी लाल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखाधड़ी कर उनका मकान किराए पर लिया था और किराए के समय कुछ अहम जानकारियां छिपाई गई थीं। बाद में मकान मालिक को पता चला कि उस भवन का उपयोग सांसद कार्यालय के रूप में किया जा रहा है।

यह मामला लंबे समय से अदालत में लंबित है। कोर्ट कई बार पप्पू यादव को पेश होने का निर्देश दे चुका था, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने के चलते अदालत ने सख्त रुख अपनाया।

कुर्की-जब्ती का भी आदेश

तीन दिन पहले ही पटना की एमपी-एमएलए अदालत ने पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। इससे पहले गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार भी जारी किए जा चुके थे। अदालत ने यह कदम आरोपियों के लंबे समय से कोर्ट में पेश न होने के कारण उठाया।

समर्थकों ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

गिरफ्तारी के समय पप्पू यादव की तबीयत खराब होने की बात सामने आने के बाद उनके समर्थकों और कुछ नेताओं ने नाराजगी जताई है। समर्थकों का कहना है कि उन्हें उचित इलाज की सुविधा दी जानी चाहिए। वहीं, यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि पप्पू यादव हाल के दिनों में NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे थे और छात्रों के पक्ष में आवाज बुलंद कर रहे थे, इसी वजह से उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया गया है।

ये भी पढ़ें: Mathura Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत

बंगाल