होम = Breaking = भूकंप से पाकिस्तान की धरती कांपी, राज कपूर की पेशावर में बनी 100 साल पुरानी पैतृक हवेली का एक हिस्सा ढहा

भूकंप से पाकिस्तान की धरती कांपी, राज कपूर की पेशावर में बनी 100 साल पुरानी पैतृक हवेली का एक हिस्सा ढहा

Raj Kapoor Ancestral Mansion Portion Collapsed: भूकंप के झटकों से पाकिस्तान की धरती एक बार कांपी है। रिपोर्ट है कि पेशावर में बारिश और भूकंप के चलते दिवंगत एक्टर राज कपूर की 100 साल से भी ज्यादा पुरानी पैतृक हवेली का एक हिस्सा ढह गया है। अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, लगातार बारिश ने पहले से ही कमजोर बिल्डिंग को और भी असुरक्षित बना दिया था, जबकि शुक्रवार रात आए भूकंप के झटकों ने इसे और भी अस्थिर कर दिया। खैबर पख्तूनख्वा की विरासत परिषद के सचिव शकील वहीदुल्लाह ने क्षति की पुष्टि की।

सरकार और पुरातत्व विभाग से हवेली के संरक्षण की मांग

शकील वहीदुल्लाह ने कहा, ‘भूकंप के बाद हवेली की दीवार का एक हिस्सा गिर गया है’, और बचे हुए ढांचे की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने पुरातत्व विभाग और प्रांतीय सरकार से ऐतिहासिक इमारत के संरक्षण के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि आगे की परेशानी से इसकी सांस्कृतिक विरासत को नुकसान हो सकता है। 

राज कपूर का जन्म इसी हवेली में हुआ था

रिपोर्ट है कि यह हवेली लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। यहां पृथ्वीराज कपूर रहते थे। कपूर परिवार के पहले सदस्य जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। इस घर का निर्माण उनके पिता, दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने 1918 से 1922 के बीच करवाया था। राज कपूर और उनके चाचा त्रिलोक कपूर का जन्म यहीं हुआ था।