Oscar 2026: बॉलीवुड और हॉलीवुड की ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर ऑस्कर 2026 के प्रेजेंटर्स की सूची में शामिल हो गई हैं। गुरुवार को एकेडमी ने 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में स्टेज पर प्रेजेंटेशन देने वाले स्टार्स के नामों की घोषणा की। प्रियंका इस लिस्ट में रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐनी हैथवे, पॉल मेस्कल और ग्वेनेथ पाल्ट्रो जैसे हॉलीवुड सितारों के साथ शामिल होंगी।
प्रियंका चोपड़ा ने किया खुद की घोषणा
प्रियंका चोपड़ा ने शुक्रवार सुबह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खबर को अपने फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘2026 Academy Awards,’ जिससे उनके फॉलोअर्स में उत्साह का माहौल बन गया। बता दें कि प्रियंका इससे पहले साल 2016 में भी ऑस्कर सेरेमनी में प्रेजेंटर रह चुकी हैं। इसके अलावा वह गोल्डन ग्लोब और प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स में भी प्रेजेंटेशन दे चुकी हैं। बॉलीवुड से पहले दीपिका पादुकोण ने 2023 की ऑस्कर सेरेमनी में प्रेजेंटेशन दिया था, उसी साल फिल्म RRR ने ‘नाटू नाटू’ गाने के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड जीता था।
ऑस्कर 2026 के अन्य प्रेजेंटर
इस साल के एकेडमी अवॉर्ड्स में प्रियंका के अलावा विल अर्नेट, रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐनी हैथवे, पॉल मेस्कल, ग्वेनेथ पाल्ट्रो समेत कई हॉलीवुड स्टार्स प्रेजेंटर के रूप में स्टेज पर नजर आएंगे। पहले ही अनाउंस किए गए प्रेजेंटर में एड्रियन ब्रॉडी, जेवियर बार्डेम, कीरन कल्किन, क्रिस इवांस, मिकी मैडिसन, डेमी मूर, कुमैल नानजियानी, माया रूडोल्फ और ज़ो सलदाना शामिल हैं।
सिनर्स ने बनाया रिकॉर्ड
इस बार रयान कूगलर की फिल्म सिनर्स ने ऑस्कर इतिहास में सबसे ज़्यादा नॉमिनेशन प्राप्त करके रिकॉर्ड बनाया। इसे कुल 16 नॉमिनेशन मिले, जिससे पुराने रिकॉर्ड वाली फिल्मों ऑल अबाउट ईव, टाइटैनिक और ला ला लैंड (सभी को 14 नॉमिनेशन) को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा बड़ी फिल्में जैसे हैमनेट, सेंटिमेंटल वैल्यू, वन बैटल आफ्टर अनदर और फ्रैंकनस्टीन कई अवॉर्ड जीतने की होड़ में हैं।
भारत में ऑस्कर 2026 कब और कहां देखें
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 की भव्य सेरेमनी 15 मार्च 2026 को हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में आयोजित होगी। यह कार्यक्रम ABC पर लाइव दिखाया जाएगा और Hulu पर भी स्ट्रीम होगा। भारत में इसे 16 मार्च 2026, सुबह 5:30 बजे IST पर लाइव ब्रॉडकास्ट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ‘मेरे साथ मेरी बेटी है’, दुबई में मिसाइल हमले के बीच फंसीं लारा दत्ता; हालात बताते हुई भावुक

