Odisha Tribal Clashes: ओडिशा के रायगड़ा जिले में सिजिमाली बॉक्साइट खदान तक सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार को हिंसक झड़प हो गई। काशीपुर ब्लॉक के शागाबारी गांव में स्थानीय आदिवासियों के विरोध के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर तलवार, कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला किया गया। इस घटना में कुल 70 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कम से कम 58 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
संजय कुमार ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को रायगड़ा और विशाखापत्तनम के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पथराव के दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई हैं। वहीं स्वाति एस कुमार के अनुसार, करीब 250 ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस टीम को उस समय घेर लिया, जब वे काशीपुर थाना क्षेत्र के कांतमाल गांव में 14 आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई थी।
कुल्हाड़ी, तलवार और पत्थर से किया गया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति उन आदिवासी नेताओं में से एक था जिन्होंने सिजिमाली खदानों तक सड़क निर्माण का विरोध किया था। ADG (कानून व्यवस्था) संजय कुमार ने बताया, “महिला पुलिसकर्मियों समेत हमारे कर्मियों को घेर लिया गया और उन पर कुल्हाड़ी, धनुष-बाण, तलवार और पत्थरों से हमला किया गया। आत्मरक्षा में हमने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और घायलों को सुरक्षित निकाला।”
कलेक्टर ने आदिवासियों से बात की
एक अधिकारी ने बताया कि रायगड़ा कलेक्टर कुलकर्णी आशुतोष सी ने मौके पर जाकर आंदोलन कर रहे आदिवासियों से बातचीत की। दूसरी ओर, आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले संगठन ‘सचेतन नागरिक मंच’ ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में 10 ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। मंच के नेता नरेंद्र मोहंती ने दावा किया, “सशस्त्र पुलिसकर्मी गैर-जमानती वारंट तामील करने के नाम पर गांव गए और ग्रामीणों पर हमला किया। कम से कम 10 लोग घायल हुए, जिनमें छह महिलाएं शामिल हैं।”

