Noida workers’ protest turns violent: नोएडा के औद्योगिक इलाकों में कई दिनों से सुलग रहा मजदूरों का गुस्सा सोमवार सुबह हिंसक रूप में फूट पड़ा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते प्रदर्शन आगजनी और तोड़फोड़ में बदल गया। सेक्टर-62, फेज-2 और NH-9 समेत कई इलाकों में हालात बिगड़ गए, जहां भारी जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम करने के साथ-साथ वाहनों के आगे लेटकर विरोध जताया, जबकि कई जगह पुलिस और निजी वाहनों को भी निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
बेकाबू कर्मचारियों की भीड़ ने की तोड़फोड़
नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे हालात बेकाबू हो गए। झड़प के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिसके चलते सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। हालात पर काबू पाने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
कर्मचारियों ने इन मांगों को रखा सामने
नोएडा में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने उत्तर प्रदेश सरकार से हरियाणा मॉडल की तर्ज पर नया न्यूनतम वेतन ढांचा लागू करने की मांग की है। उनकी मांग के अनुसार अकुशल श्रमिकों को 15,220 रुपये, अर्धकुशल को 16,781 रुपये, कुशल को 18,501 रुपये और उच्च कुशल श्रमिकों को 19,426 रुपये मासिक वेतन दिया जाए। मजदूरों का कहना है कि इससे उन्हें उनकी मेहनत के मुताबिक उचित भुगतान मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार हो सकेगा।
हिंसक प्रदर्शन के चलते ये नोएडा के इलाके प्रभावित
- चिल्ला बॉर्डर
- सेक्टर 62
- सेक्टर 60–63 क्षेत्र

