Two-Day Weekly Holiday in Nepal: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते नेपाल में पेट्रोल-डीज़ल को लेकर संकट गहरा गया है। सरकार ने हर हफ्ते 2 दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। इस कदम से दफ्तर आने वाले लोगों के वाहनों के डीजल-पेट्रोल की खपत में कमी आएगी ताकि उपलब्ध संसाधनों का संतुलित इस्तेमाल हो सके।
पाकिस्तान में भी पेट्रोल-डीजल की कमी
पाकिस्तान में डीजल-पेट्रोल सबसे ज्यादा महंगा हो गया है। एक लीटर पेट्रोल 458 और डीजल 520 रुपया (पाकिस्तानी रुपया) के पार पहुंच गया है। सरकार ने पेट्रोल में 43% और हाई-स्पीड डीजल (HSD) के दाम में 55% का इजाफा किया है। यह फैसला अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद लिया गया है। नई दरें गुरुवार आधी रात से लागू हो गई हैं।
बांग्लादेश में ऊर्जा बचाने के लिए उठाए गए हैं कदम
बांग्लादेश में आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के चलते सरकार ने ऊर्जा बचाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। दफ्तरों के कामकाज का समय घटाकर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है। इसके साथ ही बाजारों और शॉपिंग सेंटरों को भी जल्दी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत वे अब शाम 6 बजे तक ही खुले रहेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रही है और उद्योगों से अत्यधिक बिजली खपत, खासकर ज्यादा लाइटिंग के इस्तेमाल को कम करने की अपील कर रही है, ताकि देश में ऊर्जा संकट को नियंत्रित किया जा सके।
श्रीलंका में बुधवार सरकारी छुट्टी घोषित
श्रीलंका में बढ़ती ऊर्जा लागत के असर से सरकार ने बिजली की कीमतों (पावर टैरिफ) में वृद्धि कर दी है। ईंधन की खपत को नियंत्रित करने के लिए हर बुधवार को सरकारी छुट्टी घोषित की गई है और फ्यूल रैशनिंग भी लागू की गई है। इसके अलावा, इस महीने की शुरुआत में पेट्रोल पंपों पर कीमतों में करीब 35% तक की बढ़ोतरी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए श्रीलंका लगातार रूस, भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है।

