Samay Raina Mukesh Khanna Controversy: समय रैना के नए वीडियो के बाद विवाद एक बार फिर गरमा गया है। वीडियो में उन्होंने अपने पुराने विवाद और विरोध का जिक्र करते हुए बी प्राक, सुनील पाल और मुकेश खन्ना का नाम लिया, जिस पर अब मुकेश खन्ना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रोस्टिंग कल्चर और अभद्र भाषा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले भी ऐसे कंटेंट के खिलाफ देशभर में आवाज उठी थी और लोगों का विरोध सही दिशा में एक जरूरी कदम था।
मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या लिखा?
तस्वीर के साथ मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पर यह लिखा, ‘कुत्ते की दुम टेढ़ी रहती है। उसे लाख शीशियों में रखो। बाहर निकालो, फिर टेढ़ी की टेढ़ी!! समय रैना की भी एक दुम है। कितना भी मारो, सीधा करो, वो वापस टेढ़ी हो जाती है क्योंकि वो सीधा-सादा प्राणी नहीं है। वो रोस्टेड प्राणी है।’ साथ ही उन्होंने कहा कि इस वीडियो की लोकप्रियता और व्यूअरशिप पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक दिन के भीतर “वन पॉइंट फाइव मिलियन” व्यूज आना जांच का विषय है। उन्होंने मांग की कि इसकी पड़ताल होनी चाहिए और दर्शकों को भी यह समझना चाहिए कि वे किस तरह के कंटेंट को बढ़ावा दे रहे हैं।
2025 में आपत्तिजनक भाषा पर लोगों ने जताया था गुस्सा
समय रैना का नाम बड़े विवादों में तब आया था जब साल 2025 में उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का एक एपिसोड भारी बवाल में फंस गया था। शो में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा और अभद्र मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा था। मामला इतना बढ़ा कि कई जगहों पर शिकायतें दर्ज कराई गईं और शो को बंद कराने की मांग उठने लगी।

