होम = Breaking = Mathura Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत

Mathura Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत

Mathura accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े बस यात्रियों को कुचल दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब स्लीपर बस के कुछ यात्री नीचे उतरकर सड़क पर खड़े थे। अचानक अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 88 के पास हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस नोएडा से फर्रुखाबाद जा रही थी। यात्रा के दौरान कुछ यात्री लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरे थे, जिन्हें देखकर अन्य यात्री भी सड़क पर खड़े हो गए।

कंटेनर की चपेट में आए यात्री

इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक कंटेनर वाहन नियंत्रण खो बैठा और बस से नीचे उतरे यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कंटेनर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। इस भीषण हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद अफरा-तफरी

घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस हादसे में सोनू (42), देवेश, असलम (27), संतोष (45) सहित दो अन्य लोगों की जान चली गई है। वहीं औरैया निवासी शिवकांत दुबे (45) गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें: Rashifal 7 February 2026: आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, जानें 7 फरवरी का राशिफल

बंगाल