2 Civilians killed by suspected Armed Militants: मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य सरकार के दावों के बावजूद लगातार हो रही घटनाओं के बीच शनिवार को उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक सेवानिवृत्त सैनिक भी शामिल है। घटना के बाद मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने की घोषणा की है।
गोली मारकर की गई थी 2 लोगों की हत्या
यह घटना दोपहर के समय लिटान थाना क्षेत्र के टी. एम. कासोम गांव में हुई। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने तंगखुल नागा बहुल इस पहाड़ी जिले का दौरा कर कुकी और नागा समुदायों के लोगों से बातचीत करते हुए शांति और संवाद की अपील की थी। इसके बावजूद संदिग्ध उग्रवादियों ने इम्फाल से उखरुल जा रहे नागरिक वाहनों के काफिले पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कार की आगे की सीट पर बैठे एक व्यक्ति के सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हुआ और बाद में उसने दम तोड़ दिया
मृतकों की हुई पहचान, हमले में कार हो गई थी क्षतिग्रस्त
मृतकों की पहचान ताशर गांव के सेवानिवृत्त सेनाकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम गांव के यारुइंगम वाशुम के रूप में हुई है। हमले के दौरान तीन कारों के विंडशील्ड और पीछे की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी उकसावे वाली घटनाओं के बहकावे में न आएं, जिनका मकसद माहौल को बिगाड़ना है।
CM ने हमले की निंदा की
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आज दोपहर करीब 2:30 बजे उखरुल जिले के टी एम कसम गांव में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में दो निर्दोष नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी सरकार ने इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, दोनों पीड़ितों, तशर गांव के निवासी नागा रेजिमेंट के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खरासोम सी वी गांव के यारुइंगम वाशुम के परिवारों को अनुग्रह राशि दी जाएगी।

