UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पति द्वारा तलाकशुदा पत्नी को बाइक से बांधकर घसीटने का मामले सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व पत्नी को जान से मारने के इरादे से बाइक से बांधने के लिए सड़क पर घसीटा। लेकिन महिला की चीख-पुकार सुन मौके पर लोगों ने आरोपी को रोका और आरोपी पति को पीट डाला। मामले में दोनों गंभीर रूप से घायल हैं।
आरोपी का पूर्व पत्नी से जनवरी में हुआ था तलाक
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान रामगांव क्षेत्र के मुसल्लमपुर गांव निवासी रहीस के रूप में हुई। करीब एक साल पहले उसकी नानपारा निवासी रेशमा से शादी हुई थी। घरेलू कलह के चलते दोनों अलग हो गए और जनवरी में उनका तलाक हुआ था। तब से महिला अपने मायके में रह रही है। बीते दिन आरोपी नानपारा आया था। इस बीच लक्ष्मणपुर मातेही गांव के पास घर लौट रही अपनी पूर्व पत्नी से उसका सामना हुआ। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने पूर्व पत्नी को बाइक से बांधकर घसीटना शुरू कर दिया।
मामले में CO ने क्या कहा?
सर्किल ऑफिसर (सीओ) पहूप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का प्रयास, चोट पहुंचाना, आपराधिक धमकी और अपमान सहित कई मामलों में केस दर्ज किया गया है। अधिकारी ने आगे कहा, “उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।”

