Mafia Maharishi Sansthan: उत्तर प्रदेश के नोएडा में महर्षि संस्थान ने सैकड़ों एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा किया, उसे बेचने और प्लॉट काटकर अपार्टमेंट बनाने का काम किया। भोले-भाले लोगों को जमीन बेची गई और इस पूरी कार्रवाई के दस्तावेज और वीडियो सबूत न्यूज़ इंडिया ने देश को दिखाए हैं।
अब सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने इस मामले पर न्यूज़ इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भूमाफिया गौतम बुध नगर में काफी एक्टिव हैं और महर्षि संस्थान ने लीज़ पर दी गई सरकारी जमीनों का मुख्य नियंत्रण अपने पास रखा। इस जमीन को भूमाफियाओं को बेचकर फ्लैट बनाए जा रहे हैं और लोगों को बेचा जा रहा है।
सपा सांसद का आरोप
वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि अजय श्रीवास्तव और राहुल भारद्वाज इस घोटाले के जिम्मेदार हैं, लेकिन सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा, “बड़े लोग कुछ भी कर लें, उनके ऊपर बुलडोज़र नहीं चलेगा। शासन का यह डंडा सिर्फ गरीबों पर चलता है।”
सपा सांसद ने योगी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा हमेशा बड़े लोगों की पार्टी रही है और वह पूंजीवाद को संरक्षण देती है। चाहे पूंजी वैध तरीके से आए या अवैध, उसका संरक्षण किया जाएगा।
न्यूज़ इंडिया की मुहिम
न्यूज़ इंडिया ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। महर्षि प्रबंधन ने दिल्ली हाईकोर्ट में जाने की कोशिश की, लेकिन वहां भी हाईकोर्ट ने कहा कि मीडिया को खबर दिखाने से रोका नहीं जा सकता। न्यूज़ इंडिया ने महर्षि संस्थान की लैंड लूट, शिक्षा माफिया और ब्लैक मनी के सबूत देश के सामने पेश किए।
अविश्वसनीय रियायती सौदा
अधिकारियों के अनुसार, महर्षि संस्थान ने सौ करोड़ से अधिक मूल्य की जमीन की रजिस्ट्री पेपर पर मात्र 25 लाख में करवाई। इसके अलावा संस्थान पैसे लेकर LLB डिग्री भी देता रहा, जिसे न्यूज़ इंडिया ने दस्तावेजों के साथ सबूत दिखाए।
वीरेंद्र सिंह की राय
सपा सांसद का कहना है कि सरकार को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए। उन्होंने न्यूज़ इंडिया की मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के पत्रकारिता कार्यों से बड़े घोटाले उजागर होंगे और आम लोगों का हक सुरक्षित होगा।
ये भी पढ़ें: PM मोदी आज करेंगे नए PMO का शुभारंभ, ‘सेवा तीर्थ’ से शुरू होगा कामकाज

