महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में बीते कुछ दिनों में हुई 16 लोगों की मौतों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों के बीच जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में इन मौतों को अलग-अलग प्राकृतिक कारणों से जुड़ा बता रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
एक के बाद एक मौतों से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, पुणे-मुंबई हाईवे के पास स्थित पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी इलाके में एक ही दिन में 7 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद चार और लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं पुणे शहर में पहले तीन मौतों की खबर सामने आई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर पांच तक पहुंच गई है। कुछ लोगों का इलाज अभी अस्पतालों में जारी है।
अवैध शराब के अड्डों पर उठे सवाल
फुगेवाड़ी क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध हाथभट्टी और देसी शराब की बिक्री लंबे समय से होने की बात सामने आ रही है। इसी वजह से स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। कई लोग दबी जुबान में इन मौतों के पीछे जहरीली शराब को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। हालांकि दापोडी पुलिस ने ऐसी चर्चाओं को अफवाह बताया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सभी मौतें अलग-अलग कारणों से हुई प्रतीत हो रही हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 57 वर्षीय पांडुरंग फुगे की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई बताई जा रही है। वहीं विजय राठौड़ (31) और उनके भाई राजेंद्र राठौड़ (34) की मौत हार्ट अटैक की आशंका से जुड़ी मानी जा रही है। राजेंद्र राजपूत (51) के बारे में कहा गया है कि वह बाथरूम में गिर पड़े थे, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने यह भी बताया कि अकबर पठान (52) लंबे समय से अत्यधिक शराब सेवन के आदी थे। फिलहाल सभी मामलों में मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: भारत-इजरायल रिश्तों पर बोले नेतन्याहू, कहा- दुनिया में सबसे मजबूत समर्थन भारत से…

