Bihar Road Accident: बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिनी ट्रक की आमने-सामने टक्कर में वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के परसा चौक के पास गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो तेज गति से आ रही थी, तभी सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चार युवक और एक युवती की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग हरियाणा से होली के मौके पर घूमने के लिए निकले थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: बिहार में ‘नीतीश युग’ खत्म, राज्यसभा के लिए नीतीश कुमार ने दाखिल किया नामांकन, मौजूद रहे ये नेता

