Lara Dutta News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब दुबई तक महसूस किया जा रहा है। ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे टकराव के कारण क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दुबई के हालात के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ दुबई में हैं और हाल ही में आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा है।
शूटिंग के दौरान सुनी धमाकों की आवाज
लारा दत्ता ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से Dubai में रह रही हैं और यह जगह उनके लिए घर जैसी हो गई है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को वह एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं, तभी अचानक जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आईं तो देखा कि आसमान में मिसाइलों को रोका जा रहा था।
उन्होंने कहा कि उस वक्त हालात काफी तनावपूर्ण थे और यह अनुभव बेहद परेशान करने वाला था। अभिनेत्री ने बताया कि उनकी बेटी भी उनके साथ है, जबकि उनके पति Mahesh Bhupathi काम के सिलसिले में दुबई में नहीं हैं, जिसके लिए उन्होंने राहत महसूस की।
आसमान में दिखे फाइटर जेट
लारा दत्ता ने कहा कि उन्होंने खुद आसमान में कई फाइटर जेट उड़ते देखे और तेज धमाकों की आवाजें सुनीं। उनके अनुसार, ‘हालात थोड़े डरावने जरूर हैं। हमारे घर की खिड़कियां तक हिलने लगीं, लेकिन फिर भी हमें असुरक्षित महसूस नहीं हुआ। ‘उन्होंने बताया कि वे एक सुरक्षित विला में रह रही हैं, हालांकि आसपास हो रही गतिविधियों के कारण माहौल में तनाव जरूर महसूस हो रहा है।
यूएई सरकार की व्यवस्था की तारीफ
इस दौरान लारा दत्ता ने United Arab Emirates की सरकार की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा है और नागरिकों के साथ-साथ विदेशी लोगों को भी सुरक्षित महसूस कराने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
अभिनेत्री ने बताया कि सामान्य जीवन भी काफी हद तक जारी है। उनके घर का माली रोज की तरह काम कर रहा है और डिलिवरी करने वाले लोग भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
आम लोगों को लेकर हुईं भावुक
वीडियो में लारा दत्ता उन लोगों को याद कर भावुक हो गईं, जिनके पास अपने देश लौटने का विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि वे ऐसे लोगों का बहुत सम्मान करती हैं, जो इन परिस्थितियों में भी काम कर रहे हैं और देश की व्यवस्था को संभाले हुए हैं।
लारा ने बताया कि वे अपनी बेटी के साथ भारत लौटने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल वे Mumbai जाने के लिए फ्लाइट्स की तलाश कर रही हैं, क्योंकि बच्चों के लिए ऐसे माहौल में रहना ज्यादा मुश्किल हो जाता है।
ये भी पढ़ें: नीलम कोठारी के प्यार में लट्टू थे गोविंदा, अफेयर पर तोड़ी चुप्पी; कहा- देखिए उस वक्त सब कुछ…

